सुखबीर बादल पर हमले के बाद पीएम मोदी ने हरसिमरत कौर से फोन पर की बात
पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की और सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हमले के बाद उनकी स्थिति को लेकर जानकारी हासिल की।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। शिंदे ने आश्वासन दिया कि हमले के दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से सीधे संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को मामले की गहन जांच करने और सुरक्षा में किसी तरह की चूक हुई है तो उसकी भी जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने और मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री योगेश कदम ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने नांदेड़ में हुए हमले को लेकर महानिरीक्षक (आईजी) से बात की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। गृह मंत्री के अनुसार, हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पिछले दो वर्षों से गुरुद्वारे में स्वयंसेवक के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने धारदार हथियार से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया। हमले को रोकने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान पुलिसकर्मी ने बादल को बचाने का प्रयास किया, जिसके बाद उसके हाथ में भी चोट आई।
