पंजाब के होशियारपुर में बेकाबू होकर स्कूल बस पलटी, हादसे में कई छात्र घायल, मची अफरा-तफरी

0

होशियारपुर के राहत गांव के पास वीरवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक निजी स्कूल बस अचानक पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में कई स्कूली बच्चे घायल हुए हैं। जिन्हें फस्ट एड देने के लिए भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। राहत गांव के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। चालक जब तक बस को संभाल पाता, तब तक बस सड़क के किनारे से फिसल खेतों में पलट गई। बस के पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बच्चे काफी सहमे हुए थे। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को संभाला और उनके अभिभावकों को घटना की जानकारी देने का प्रयास किया।

बस पलटने की सूचना जैसे ही बच्चों के अभिभावकों तक पहुंची, उनमें हड़कंप मच गया। कई अभिभावक तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। मौके पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपने बच्चों को सुरक्षित देखा तो राहत की सांस ली। कुछ बच्चों को मामूली चोटें आने की सूचना है। उन्हें प्राथमिक उपचार दिए जाने की जानकारी है।

हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने भी बच्चों की मदद की और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

हादसे का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बच्चों से भरी बस अचानक पलटी कैसे। फिलहाल बस के पलटने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। चालक का नियंत्रण बिगड़ने, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

हालांकि हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाली बसों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *