मोहाली में TDI सिटी पर ED की कार्रवाई जारी, 48 घंटे से कार्यालय में जांच; कर्मचारियों के लिए मंगवाए गद्दे
मोहाली सेक्टर-119 स्थित टीडीआई सिटी कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड बुधवार को तीसरे दिन भी जारी है। सोमवार सुबह शुरू हुई जांच के बाद से ईडी की टीम लगातार कार्यालय में मौजूद है और विभिन्न दस्तावेजों, रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कागजात की जांच कर रही है। कार्रवाई लंबी खिंचने के कारण मंगलवार देर रात अधिकारियों के लिए भोजन और सोने की व्यवस्था के लिए कार्यालय में गद्दे भी पहुंचाए गए थे। बुधवार को ईडी के और अधिकारी भी जांच में शामिल हुए।
ईडी की यह कार्रवाई टीडीआई इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के बीच हो रही है। जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी ने वर्ष 2005 से 2014 के बीच सोनीपत में 23 आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाएं शुरू की थीं। इन परियोजनाओं के लिए 14 हजार से अधिक खरीदारों से 4,619 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि एकत्र किए जाने की बात सामने आई है। ईडी के अनुसार, इनमें कई परियोजनाएं अब तक अधूरी हैं और कुछ में 16 से 18 वर्ष तक की देरी हुई है।
