पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 IAS अधिकारियों के तबादले; 6 जिलों को मिले नए DC
पंजाब सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए 20 IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मंगलवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, 6 जिलों के डीसी भी बदल दिए गए हैं। इस फेरबदल में मोहाली, रूपनगर, पटियाला, लुधियाना, बरनाला और तरनतारन जिलों को नए डीसी मिले हैं।
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, मोहाली की डीसी कोमल मित्तल को रूपनगर का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। उनकी जगह आदित्य डचलवाल को मोहाली का नया डीसी बनाया गया है। वहीं, पटियाला के डीसी हिमांशु अग्रवाल को लुधियाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लुधियाना के मौजूदा डीसी हिमांशु जैन को पटियाला का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
इस फेरबदल में बरनाला और तरनतारन जिलों में भी नए डीसी तैनात किए गए हैं। IAS अधिकारी अभिजीत कपलिश को बरनाला का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें बरनाला नगर निगम के डीसी का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वहीं, निर्मल ओसेप्पचन को तरनतारन का डीसी बनाया गया है।
सरकार के आदेश के अनुसार, लुधियाना और पटियाला में डीसी की अदला-बदली की गई है। हिमांशु अग्रवाल अब लुधियाना में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि हिमांशु जैन पटियाला के नए डीसी होंगे। इसी तरह कोमल मित्तल रूपनगर में और आदित्य डचलवाल मोहाली में प्रशासनिक कमान संभालेंगे।
अनुपम कलेर को रक्षा सेवा कल्याण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। हरप्रीत सिंह को खेल एवं युवा सेवाएं विभाग के निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनीषा राणा को सूचना प्रौद्योगिकी प्रोत्साहन निदेशक नियुक्त किया गया है।
सरकार ने जिला स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्तों की भी नियुक्तियां की हैं। कंचन को ADC (ग्रामीण विकास) नियुक्त किया गया है। वहीं, डेव्यू गोयल को ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग का अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।
पल्लवी मिश्रा को अमृतसर का ADC (सामान्य) नियुक्त किया गया है। मंगलवार रात जारी इन आदेशों के बाद राज्य के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
