नेपाल में खाई में गिरी इलेक्ट्रिक वैन, 10 की मौत और 3 गंभीर घायल

0

 नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर लौट रहे लोगों की यात्रा दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। काठमांडू से सर्लाही जा रही एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चियां शामिल हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे मधेस प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान मकवानपुर जिले के भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वैन सड़क से फिसलकर करीब 700 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार 10 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में कई यात्री सवार थे।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में अधिकांश लोग नेपाल के सर्लाही जिले के रहने वाले थे। छठ पर्व के मौके पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहे इन लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह सफर आखिरी साबित होगा। हादसे की खबर सामने आते ही मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री के नेतृत्व में नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर हेटौंडा लाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल इलाका प्रहरी कार्यालय भीमफेदी से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

गौरतलब है कि छठ महापर्व को देखते हुए नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत अलग-अलग शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। इसी बीच हुए इस हादसे ने कई परिवारों की त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। जिन घरों में छठ की तैयारियां और अपनों के स्वागत का इंतजार हो रहा था, वहां अब अपनों को खोने का दुख है। त्योहार से ठीक पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *