जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में लापता हुए दोनों SPO के मिले शव, गोली मारकर की गई हत्या

0

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह स्थित देहरना जंगल में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद किए गए हैं। दोनों जवानों की पहचान ऋषिपाल और बॉबी चंद के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो पुलिस जवानों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों जवान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे और ड्यूटी के दौरान लापता हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक, मारवाह के देहरना जंगल इलाके में दोनों के शव बरामद हुए हैं। उनके शरीर पर गोलियों के निशान मिलने की बात सामने आई है।

मृत जवानों की पहचान ऋषिपाल और बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों कियार दच्छन से अपर रिज देहरना के इंदरवन इलाके में बसनान स्थित सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को रिलीव करने जा रहे थे। हालांकि, वे निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद उनकी तलाश के लिए पुलिस और सेना ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

जानकारी के मुताबिक, दोनों जवान कियार कैंप से ढारना-मारवाह स्थित सेना की चौकी के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में देहरना जंगल क्षेत्र में करीब दोपहर 3:30 बजे फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी। इसी दौरान इलाके में मोबाइल नेटवर्क भी बाधित हुआ था। शुरुआत में दोनों जवानों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में उनके नंबर बंद हो गए।

इसके बाद पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। दुर्गम पहाड़ी और घने जंगलों में सुरक्षा बलों की कई टीमें तैनात की गई थीं। गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव बरामद होने की खबर सामने आई।

आतंकी हमले की आशंका, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के निशान मिलने से उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे किसका हाथ है और वारदात किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

गौरतलब है कि किश्तवाड़ का पहाड़ी और जंगलों से घिरा इलाका पिछले कुछ वर्षों से आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। ऐसे में दो SPO की हत्या की खबर ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *