महंगी हुई गोल्ड फ्लेक प्रीमियम सिगरेट, 10 रुपये बढ़े दाम; जानें अब कितने में मिलेगा पैकेट

0

अगर आप भी सिगरेट पीने के शौकीन हैं और खासकर गोल्ड फ्लेक प्रीमियम (Gold Flake Premium) ब्रांड पसंद करते हैं, तो अब आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी. सिगरेट बनाने वाली दिग्गज कंपनी आईटीसी (ITC) ने इस ब्रांड के दाम बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने गोल्ड फ्लेक प्रीमियम के एक पैकेट पर 10 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. इसके बाद 10 सिगरेट वाले एक पैकेट की कीमत 125 रुपये से बढ़कर अब 135 रुपये हो गई है. यानी इसकी कीमत में करीब 8 प्रतिशत का इजाफा हुआ है. खास बात यह है कि इस साल कंपनी ने दूसरी बार इस ब्रांड के दाम बढ़ाए हैं. जान‍िये कीमतें क्यों बढ़ी हैं और कंपनी के कारोबार पर इसका क्या असर पड़ रहा है.

जानकारी के मुताबिक, गोल्ड फ्लेक प्रीमियम की रेगुलर साइज फिल्टर वाली सिगरेट (RSFT) के दाम बढ़ाए गए हैं. इन सिगरेटों की लंबाई 60 से 70 मिलीमीटर के बीच होती है. नए रेट वाले ये पैकेट नवंबर के चौथे हफ्ते तक दुकानदारों और वेयरहाउस तक पहुंच जाएंगे. इससे पहले इसी साल जून 2026 में भी आईटीसी ने इस पैकेट के दाम 115 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये किए थे. इस तरह पुरानी कीमत (115 रुपये) के मुकाबले अब तक कुल दाम में करीब 17.4% की बढ़ोतरी हो चुकी है. हालांकि, इस कीमत बढ़ोतरी को लेकर कंपनी की तरफ से आधिकारिक तौर पर ज्यादा कुछ नहीं कहा गया है.

सिगरेट की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर की गई है जब टैक्स बढ़ने की वजह से आईटीसी के सिगरेट कारोबार पर काफी दबाव बना हुआ है. सितंबर तिमाही के दौरान आईटीसी के सिगरेट कारोबार का मुनाफा सालाना आधार पर 27.2% घटकर 3,813 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह मुनाफा 5,241 करोड़ रुपये था. कंपनी का मानना है कि टैक्स बढ़ने से कानूनी रूप से बिकने वाली सिगरेट और अवैध (बिना टैक्स वाली) सिगरेट के दामों में बड़ा अंतर आ जाता है, जिससे ग्राहक सस्ती और अवैध सिगरेट की तरफ जा सकते हैं. यही वजह है कि कंपनी बहुत सोच-समझकर कीमतें तय कर रही है.

गोल्ड फ्लेक प्रीमियम सिगरेट का यह सेगमेंट आईटीसी के लिए बहुत बड़ा और अहम जरिया है. कंपनी के कुल सिगरेट रेवेन्यू में अकेले इसी सेगमेंट की हिस्सेदारी लगभग 46 से 50 प्रतिशत के आसपास है. सिगरेट का कारोबार आईटीसी के कुल मुनाफे का भी सबसे बड़ा हिस्सा है, जिसमें कंपनी का प्रॉफिट मार्जिन करीब 70% तक रहता है. यही कारण है कि मुनाफे की भरपाई के लिए कंपनी ने कीमतों में यह बदलाव किया है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *