ऑस्ट्रेलिया में गुरुद्वारा साहिब में लगी आग, जत्थेदार ने जताया दुख; जांच के दिए आदेश
ऑस्ट्रेलिया के वर्जीनिया स्थित गुरुद्वारा दशमेश दरबार में आग लगने से इमारत को भारी नुकसान पहुंचने की घटना के बाद सिख समुदाय में चिंता का माहौल है। इस घटना पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने देश-विदेश में रहने वाली सिख संगत से गुरुद्वारों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने अपील की है।
जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने गुरु साहिब के चरणों में समूची सिख कौम की चढ़दी कला की अरदास करते हुए कहा कि विदेशों में स्थापित गुरुद्वारे केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि सिख समुदाय की आस्था और पहचान के केंद्र हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जांच के लिए विशेष निर्देश भी जारी किए गए हैं। जत्थेदार ने सेंट्रल सिख एसोसिएशन ऑफ न्यूजीलैंड के मुख्य सेवादार दलजीत सिंह, ऑस्ट्रेलियन सिख काउंसिल के मनदीप सिंह, गुरुद्वारा काउंसिल ऑफ विक्टोरिया के रवि इंदर सिंह और प्रीतम सिंह तथा एडिलेड के गुरिंदरजीत सिंह को मौके पर जाकर पूरी स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा है।
