मोहाली में नशा तस्करों का एनकाउंटर, पुलिस टीम पर की थी फायरिंग
मोहाली। सीआईए के दो कॉन्स्टेबलों पर गोलियां चलाकर भागे नशा तस्करों में से दो को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। मौके से दो पिस्टल बरामद हुए हैं। शनिवार से ही एजीटीएफ (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स) नशा तस्करों का पीछा कर रही थी।
सूचना मिलने पर घेराबंदी की तो नशा तस्करों ने फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। गोलीबारी में नशा तस्कर जसकरण और लखविंदर घायल हो गए। दोनों ही मोहाली के रहने वाले हैं। इनका एक साथी गगन फरार हो गया।
हेरोइन की खेप बरामद करने गई मोहाली सीआईए टीम पर शनिवार शाम नशा तस्करों ने सनेटा गांव के पास जानलेवा हमला किया था।हमले में काॅन्स्टेबल जगजीत सिंह और परमजीत सिंह उर्फ पम्मा घायल हुए थे। दोनों को गोलियां लगी थी। नशा तस्करों ने तलवारों से भी हमला किया था।
हमले के बाद नशा तस्कर फरार हो गए थे, जिनकी धरपकड़ में पुलिस लगी थी। सूचना मिलने पर सोमवार को मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रैप लगाया। इस दौरान मुठभेड़ के बाद दो नशा तस्करों को दबोच लिया। एसएसपी ने घटनाक्रम का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि नशा तस्करों के दो साथी पहले ही कोर्ट में सरेंडर कर चुके हैं।
