मोहाली: श्री हरी संकीर्तन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

0

श्री हरी संकीर्तन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू और पंजाब प्रदेश कांग्रेस महिला प्रधान एवं एमसी पार्षद मैडम बलजीत कौर ने की विशेष शिरकत, मंदिर कमेटी ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

 

मोहाली: मोहाली के फेस-5 स्थित श्री हरी संकीर्तन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विशाल एवं शानदार धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा और उत्साह के माहौल में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस कार्यक्रम में मुख्य मेहमान के तौर पर पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू और पंजाब प्रदेश कांग्रेस महिला प्रधान एवं एमसी पार्षद मैडम बलजीत कौर ने विशेष तौर पर शिरकत की। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने दोनों मुख्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध भजन गायिका विद्या सखी और उनकी टीम ने भगवान श्रीकृष्ण के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए और देर रात तक पूरा मंदिर परिसर श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का पावन समय आया, पूरा पंडाल “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” तथा “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।

मंदिर कमेटी के मौजूदा प्रधान महेश चंद्र मनन और उनकी समूची टीम की देखरेख में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित शंकर शास्त्री तथा अन्य पुजारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का पवित्र जलाभिषेक भी किया गया।

इसके उपरांत भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ भाग लिया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय और उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के इस भव्य आयोजन को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *