चिटकारा यूनिवर्सिटी में देर रात हंगामा: छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, कैंपस में तोड़फोड़; पुलिस से भिड़े छात्र

0

पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, चिटकारा यूनिवर्सिटी में देर रात छात्रों द्वारा कथित तौर पर दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कैंपस में तोड़फोड़ किए जाने और छात्रों के पुलिस कर्मचारियों से भिड़ने की भी जानकारी सामने आई है।

मामला बढ़ता देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों तथा यूनिवर्सिटी प्रशासन से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद डीएसपी सुखदेव सिंह ने मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट की।

डीएसपी सुखदेव सिंह ने कहा कि आज पुलिस के संज्ञान में आया था कि चिटकारा यूनिवर्सिटी में कुछ छात्र दो लड़कियों के लापता होने की बात कह रहे हैं। इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट सामने आई थी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय एसएचओ गुरसेवक सिंह, डीएसपी बनूड़ और यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की तथा उनकी शिकायतें भी ली हैं।

डीएसपी के मुताबिक, फिलहाल किसी भी छात्र को यह जानकारी नहीं है कि कथित तौर पर कौन-सी दो लड़कियां लापता हैं। किसी छात्रा का नाम या पहचान भी सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया यह बात एक अफवाह के तौर पर सामने आई है।

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रों से शिकायत ले ली है और पूरे मामले की जांच की जाएगी। प्रत्येक छात्र से जानकारी लेकर सत्यापन किया जाएगा। यदि कोई छात्रा वास्तव में लापता पाई जाती है तो उसकी भी पूरी जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी सुखदेव सिंह ने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी में स्थिति शांतिपूर्ण है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं। किसी को डरने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। पुलिस मौके पर मौजूद है और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सभी बच्चे सुरक्षित हैं और अभिभावक टेंशन फ्री रह सकते हैं। हालात काबू में हैं और बच्चों की जो भी शिकायत है, उस पर जांच की जाएगी और अगर किसी तरह का कुछ गलत हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी सुखदेव सिंह ने भी यही आश्वासन दिया है।

इससे पहले पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में झगड़े के दौरान 20 साल के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या हो गई थी। ये मामला काफी चर्चा में रहा था।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *