Mahakumbh 2025 LIVE: महाशिवरात्रि पर अंतिम स्नान करने उमड़ा जनसैलाब, आज 10 AM तक 81.09 लाख ने लगाई डुबकी

उत्तर प्रदेश के ‘प्रयागराज महाकुंभ’ का बुधवार (26 फरवरी) को आखिरी दिन है। महाशिवरात्रि पर्व पर अंतिम स्नान के लिए कुंभ में जनसैलाब उमड़ा है। संगम जाने वाले सभी रास्ते जाम हैं। प्रयागराज शहर में वाहनों की नो-एंट्री है। मेले के अंदर वाहन नहीं चल रहे हैं। स्नान के बाद पुलिस श्रद्धालुओं से घाट खाली करवा रही है। आज सुबह 10 बजे तक 81.09 लाख लोग स्नान कर चुके हैं। 13 जनवरी से अब तक 65 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। महाशिवरात्रि पर 3 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
जानिए किस पर्व पर कितने लोगों ने लगाई डुबकी
महाशिवरात्रि पर्व स्नान के साथ ही 45 दिनों तक चले महाकुंभ का समापन हो जाएगा। महाशिवरात्रि पर छठवां मुख्य स्नान है। 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा पर एक दिन में 1.70 करोड़ लोगों ने स्नान किया था। 14 जनवरी (मकर संक्रांति) के दिन 3.50 करोड़ लोगों ने संगम में डुबकी लगाई थी। 29 जनवरी (मौनी अमावस्या) को एक दिन में 7.64 करोड़ लोगों ने स्नान किया था। 03 फरवरी (बसंत पंचमी) को 2.57 करोड़ लोगों ने डुबकी मारी थी। 12 फरवरी (माघ पूर्णिमा) को 2 करोड़ लोगों ने स्नान किया था। 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) को तीन करोड़ लोगों के आने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महादेव के पावन दिवस पर मैं सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की बधाई देता हूं…महादेव कल्याण के देवता हैं उनके कृपा दृष्टि से ही ये सभी व्यवस्था संचालित हो पाती है। अपार श्रद्धा भाव के साथ यहां पर लोग दर्शन कर रहे हैं। हर शिवालय में अपार भीड़ है ये आस्था भारत की एकात्मता का प्रतीक है। मैं आस्था को नमन करता हूं।
महाकुंभ प्रयागराज में अपार भीड़ है। 13 जनवरी से शुरू हुआ ये महाकुंभ आज पूर्ण होगा। लगभग 66 करोड़ श्रद्धालु जन ने त्रिवेणी संगम में पावन डुबकी लगाकर राष्ट्रीय एकात्मता का एक नया संदेश पूरे देशवासियों दे रहे हैं। प्रयागराज में आज आए सभी श्रद्धालुओं का मैं अभिनंदन करता हूं। बाबा विश्वनाथ काशी में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं पिछले डेढ़ महीने से लगातार 8-10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन वहां दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या धाम में भी यही स्थिति है…मैं पूरे प्रदेशवासियों महाशिवरात्रि की बधाई देता हूं।
महाकुंभ के आखिरी दिन स्नान के लिए भीड़ उमड़ रही है। प्रयागराज स्टेशन पर काफी लोग हैं। लोगों को असुविधा और हादसा न हो, इसके लिए पुलिस लगातार ताकीद कर रही है। आज सुबह 10 बजे तक 81.09 लाख लोग स्नान कर चुके हैं।