उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। भारी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण राज्य के कम से कम 25 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिए हैं।
राज्य राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, अकेले गुरुवार को करीब 8,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके साथ ही अब तक लगभग 21 हजार लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। करीब 3 हजार लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं, जहां उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है।
बाढ़ के दौरान बीमारियां फैलने के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सक्रिय है। प्रभावित क्षेत्रों में कुल 1,165 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जो लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं।
वहीं, राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।