हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी, गर्मी से राहत की उम्मीद
हरियाणा में मानसून की देरी के कारण भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. सोमवार को प्रदेश के 11 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने मंगलवार को 15 जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है, जबकि 1 जुलाई से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने का अनुमान है. इसके बाद प्रदेश में तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद सिरसा 43.4, हिसार 43.3 और भिवानी 43 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे. पलवल, गुरुग्राम, नूंह, फतेहाबाद समेत कुल 11 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.
वहीं, दिन के साथ-साथ रातें भी लोगों के लिए परेशान करने वाली बनी हुई हैं. न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. फरीदाबाद में रात का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सिरसा में 31 और अंबाला में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अधिकांश जिलों में रात का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही.
इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर में कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ क्षेत्र में भी हल्की बारिश के संकेत हैं. वहीं रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और जींद में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से हरियाणा में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी. 2 और 3 जुलाई को उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे उमस कम होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
