आज सरकार-CJP की तीसरे दौर की बैठक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर आ सकता है फैसला
पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे तीसरे दौर की बैठक होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस बैठक में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार अपना अंतिम रुख स्पष्ट कर सकती है।
CJP ने पहले ही साफ कर दिया है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि छात्रों के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर ठोस निर्णय ही आंदोलन का समाधान होगा।
शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच दूसरे दौर की बैठक हुई थी। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि CJP ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के पांच सुझाव रखे हैं। इन सभी बिंदुओं पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
वहीं CJP का दावा है कि सरकार ने आंदोलन के दौरान आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया है। हालांकि इन दावों पर सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
