पाकिस्तान में भूकंप के जोरदार झटके, जानें रिक्टर स्केल पर कितनी थी तीव्रता?
वेनेजुएला में आए जोरदार भूकंप के बाद शनिवार को पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई. झटके देश के कई हिस्सों में महसूस किए गए, हालांकि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
EMSC के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 8:36 बजे आया. इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिससे कई इलाकों में इसके झटके महसूस किए गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के बरखान प्रांत से 63 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, भूकंप के झटके पाकिस्तान के कई हिस्सों में महसूस किए गए. हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है. सरकार और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और प्रभावित इलाकों का आकलन कर रहे हैं. इससे पहले शुक्रवार को भी पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. लगातार आ रहे भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
वहीं, भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने शुक्रवार शाम जानकारी दी थी कि सेलेबेस सागर में रिक्टर स्केल पर 6.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया. पाकिस्तान में यह भूकंप ऐसे समय आया है, जब इसी सप्ताह वेनेजुएला में दोहरे भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी. दुनिया के कई हिस्सों में लगातार बढ़ रही भूकंपीय गतिविधियां वैज्ञानिकों की चिंता भी बढ़ा रही हैं.
