पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य की कानून-व्यवस्था, नशे के बढ़ते कारोबार और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में पंजाब की मौजूदा स्थिति और सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
ढिल्लों ने गृह मंत्री के समक्ष पंजाब में नशे के प्रसार, गैंग्सटर गतिविधियों, सीमा पार से होने वाली नशे और हथियारों की तस्करी तथा राज्य की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे रखे। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब की सुरक्षा राष्ट्रीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
मुलाकात के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह पर आधारित एक पुस्तक और उनका चित्र भी भेंट किया। भाजपा ने इसे पंजाब की ऐतिहासिक विरासत और गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया। पार्टी नेताओं के अनुसार महाराजा रणजीत सिंह पंजाब की एकता, वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक रहे हैं।
