संगरूर में भाजपा के जिला कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला, इलाके में सनसनी
संगरूर के उपली रोड पर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय को सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर पेट्रोल पंप से निशाना बनाया। घटना का पता सोमवार सुबह कार्यालय खोले जाने के बाद चला। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी संगरूर दलबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज संदीप सिंह तथा थाना सिटी संगरूर के एसएचओ सुखदेव सिंह पुलिस टीम के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है तथा हमले के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
हालांकि, भाजपा कार्यालय पर हुए हमले को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में रोष है। भाजपा के जिला प्रधान मनिंदर सिंह कपियाल और पूर्व जिला प्रधान संदीप सिंह देवल ने घटना की कड़ी निंदा की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व पहले थानों और अन्य संस्थानों को निशाना बना रहे थे और अब राजनीतिक दलों के कार्यालय भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सरकार से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने बताया कि घटना की जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को भी दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
