अंबाला में बड़ा हादसा: डंपर को बचाने के प्रयास में दीवार से टकराई बस, 9 महिला शिक्षिकाएं घायल

0

हरियाणा के अंबाला में भानोखेड़ी फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर को बचाने के प्रयास में एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। हादसे में द स्कॉलर स्कूल की नौ महिला शिक्षिकाएं घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायल शिक्षिकाओं को तत्काल अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायलों में मिनाक्षी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें टांके लगाने पड़े। इसके अलावा गुरजिंद्र (40), रीना (40), कनिका (36), मनदीप कौर (36), ममता (32), रितु (42), रोमी (35), रजनी (38) और नीलम (52) को भी चोटें आई हैं। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

द स्कॉलर स्कूल के संचालक गुरतेज ने बताया कि स्कूल में इन दिनों गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षकों के लिए चंडीगढ़ भ्रमण का कार्यक्रम बनाया था। सभी शिक्षिकाओं को सुबह स्कूल परिसर में एकत्र होना था, जहां से उन्हें चंडीगढ़ के लिए रवाना होना था। लेकिन स्कूल पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *