चंडीगढ़ केमिस्ट शॉप हत्याकांड का आरोपी गोल्डी ढिल्लों स्पेन में गिरफ्तार

0

विदेश में छिपे गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों, जिसे गोल्डी राजपुरा के नाम से भी जाना जाता है, को स्पेन में हिरासत में लिया गया है। पंजाब पुलिस के सूत्रों के अनुसार, वह आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक नीना मित्तल को धमकी देने और चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के केमिस्ट शॉप हत्याकांड में नामजद है।

यह कार्रवाई पंजाब पुलिस, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और चंडीगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। सुरक्षा एजेंसियां पिछले कई महीनों से विदेश में उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

पुलिस के अनुसार, गोल्डी ढिल्लों कनाडा में बैठे गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ का करीबी सहयोगी है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों अलग-अलग व्यक्ति हैं। एनआईए की चार्जशीट में चंडीगढ़ के सेक्टर-5 में रंगदारी और फायरिंग के एक मामले में गोल्डी ढिल्लों को गोल्डी बराड़ के साथ सह-साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया गया है।

सेक्टर-11 के केमिस्ट शॉप हत्याकांड में पुलिस का कहना है कि गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर छह लोग जम्मू से पंजाब पहुंचे थे। इनमें से एक मॉड्यूल ने केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकी दास की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि दूसरे मॉड्यूल को नया निशाना सौंपा जाना था। पुलिस ने उन्हें मुल्लांपुर के पास विदेशी पिस्तौल और .32 बोर पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया था।

गोल्डी ढिल्लों पिछले एक वर्ष से पंजाब में रंगदारी, टारगेट किलिंग और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े कई मॉड्यूल संचालित कर रहा था। भारतीय एजेंसियां अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण या निर्वासन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं। हालांकि, स्पेन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *