नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए चंडीगढ़ से बड़ी राहत, कटारिया ने 1.40 करोड़ की सामग्री से भरे 7 ट्रकों को दिखाई हरी झंडी
चंडीगढ़ से नेपाल में फ्लैश फ्लड से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री की तीसरी खेप शुक्रवार को रवाना की गई। पंजाब लोक भवन से पंजाब के राज्यपाल और पंजाब स्टेट रेडक्रॉस के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने 52 टन राहत सामग्री से लदे सात बड़े ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया। यह अब तक नेपाल भेजी गई पंजाब स्टेट रेडक्रॉस की सबसे बड़ी राहत खेप है। इस खेप में शामिल राहत सामग्री की कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। राहत सामग्री अमेजन की ओर से उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम के दौरान अमेजन और डोनेटकार्ट फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के साथ पंजाब स्टेट रेडक्रॉस के सचिव शिवदुलार सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे।
राहत सामग्री में आपदा के दौरान तत्काल इस्तेमाल होने वाला जरूरी सामान शामिल किया गया है। सात ट्रकों में जनरेटर सेट, कंबल, तिरपाल, सोलर लाइट और अन्य आपातकालीन सामग्री भेजी गई है। कटारिया ने कहा कि राहत सामग्री नेपाल रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से उपलब्ध कराई गई जरूरतों की सूची के आधार पर जुटाई गई है। इसका उद्देश्य बाढ़ और फ्लैश फ्लड से प्रभावित लोगों को उनकी तत्काल जरूरत के मुताबिक मदद उपलब्ध कराना है। नेपाल में हाल की बाढ़ और फ्लैश फ्लड से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिए जरूरी सामान की जरूरत बनी हुई है। ऐसे में इस खेप में सामान्य राहत सामग्री के साथ बिजली और रोशनी जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने वाला सामान भी शामिल किया गया है।
नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों के लिए पंजाब स्टेट रेडक्रॉस की ओर से यह तीसरी बड़ी राहत खेप है। इससे पहले 1 सितंबर को पहली खेप रवाना की गई थी। तीन ट्रकों में भेजी गई उस खेप में 10 लाख रुपये से अधिक कीमत का रेडी-टू-ईट खाना, राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान शामिल था। इसके बाद 18 सितंबर को दूसरी खेप भेजी गई। इसकी कीमत करीब 38 लाख रुपये थी। यह सामग्री इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेडक्रॉस एंड रेड क्रिसेंट सोसायटीज (IFRC) के माध्यम से नेपाल रेडक्रॉस सोसायटी के समन्वय से भेजी गई थी। दूसरी खेप के दौरान पंजाब रेडक्रॉस की टीम राहत सामग्री के साथ नेपालगंज इंटरनेशनल बॉर्डर तक गई थी। वहां संबंधित प्रतिनिधियों को सामग्री सौंप दी गई थी। अब तीसरी खेप के जरिए पहले की तुलना में काफी अधिक मात्रा में राहत सामग्री नेपाल भेजी गई है।
कटारिया ने राहत अभियान में सहयोग के लिए अमेजन, डोनेटकार्ट फाउंडेशन और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने पंजाब स्टेट रेडक्रॉस की ओर से राहत सामग्री जुटाने, उसकी खरीद और नेपाल तक भेजने की प्रक्रिया में किए गए प्रयासों की भी सराहना की।इस अभियान का एक स्थानीय आर्थिक पहलू भी सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार अमेजन की ओर से उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री पंजाब और चंडीगढ़ क्षेत्र से ही खरीदी गई है। इससे राहत अभियान के साथ स्थानीय कारोबारियों और सप्लायर्स को भी काम मिला। इस तरह राहत सामग्री की खरीद से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधि को भी सहारा मिला और वही सामान नेपाल में आपदा प्रभावित लोगों तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया गया। पंजाब स्टेट रेडक्रॉस की यह तीसरी खेप अब तक भेजी गई दोनों खेपों के बाद राहत अभियान को आगे बढ़ाती है।
