नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने उड़ाए ट्रैफिक नियम, दो स्कूटी सवारों को मारी टक्कर

0

चंडीगढ़ पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर शराब के नशे में वाहन चलाते हुए एक्टिवा सवार को टक्कर मारने का आरोप लगा है। हादसे में एक्टिवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके दाएं हाथ पर फ्रैक्चर आया है। घटना गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल के पीछे पॉकेट नंबर-1 स्थित सरकारी स्कूल के सामने सड़क पर एक्टिवा सवार कुलदीप चंद निवासी समाधि गेट जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक वेन्यू कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कुलदीप चंद सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। लोगों ने उसका पीछा किया तो आरोपी चालक ने मोरी गेट बाजार के पास एक अन्य एक्टिवा सवार को भी टक्कर मार दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।

लोगों का आरोप है कि कार चला रहा व्यक्ति चंडीगढ़ पुलिस का हेड कांस्टेबल जयपाल है, जो इन दिनों डेपुटेशन पर नगर निगम चंडीगढ़ में तैनात है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि आरोपी ने शराब पी रखी थी और वह ठीक से बात करने की स्थिति में भी नहीं था।

घटना की सूचना मिलने पर मनीमाजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हेड कांस्टेबल को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेज दिया। देर रात तक पुलिस उसका मेडिकल करवाकर मामले की जांच में जुट गई है।  पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि हेड कांस्टेबल जयपाल कुछ दिन पहले ही सेक्टर-32 अस्पताल से मानसिक रोग विशेषज्ञ (साइकैट्रिस्ट) का इलाज करवाकर आया था। इसके बावजूद उसने कथित तौर पर शराब पीकर वाहन चलाया।

घटना के बाद मनीमाजरा क्षेत्र के लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस कर्मचारी ही नशे की हालत में सड़कों पर वाहन चलाएंगे तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *