मोरनी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी अर्टिगा, चंडीगढ़ के युवक की मौत; 4 घायल

0

हरियाणा के पंचकूला जिले के इकलौते पर्वतीय पर्यटन स्थल मोरनी में देर रात एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोरनी मार्ग पर मांदना गांव के पास दोस्तों से भरी एक अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर कई सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के वक्त गाड़ी में 5 दोस्त सवार थे, जो चंडीगढ़ से वीकेंड मनाने और घूमने के लिए मोरनी की वादियों में आए थे।

जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ के एयरपोर्ट के समीप स्थित बहलाना गांव के रहने वाले 5 दोस्त अर्टिगा कार में सवार होकर मोरनी की सैर पर निकले थे। देर रात जब वे मांदना गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी एक तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार कार का अचानक संतुलन बिगड़ गया। चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और कार चीख-पुकार के साथ सीधे गहरी खाई में जा समाई। कार गिरते ही जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत टॉर्च लेकर घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

अंधेरा और गहरी खाई होने के बावजूद ग्रामीणों और चंडीमंदिर थाना पुलिस की टीम ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक बहलाना निवासी विशाल (पुत्र बिन्द्र) की सांसें थम चुकी थीं और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में सवार उसके चार अन्य साथी सुबजीत (पुत्र छेबीलाल), राहुल (पुत्र सुदामा शर्मा), शैंकी (पुत्र परशुराम) और कुवार सिंह (पुत्र बलकार सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गए।

चंडीमंदिर थाना पुलिस के एसएचओ रामपाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी चारों घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक विशाल के शव को कब्जे में लेकर पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस हादसे के तकनीकी कारणों की जांच में जुटी है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *