चंडीगढ़ में स्पोर्ट्स शोरूम में बड़ी चोरी, ताले तोड़कर 35 लाख कैश और 2 iPhone उड़ाए
चंडीगढ़। सेक्टर-7 स्थित एक स्पोर्ट्स शोरूम में बुधवार-वीरवार की दरमियानी तीन चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश शोरूम के ताले तोड़कर करीब 35 लाख नकद और दो आईफोन चोरी कर फरार हो गए। पुलिस को करीबी या कर्मचारियों के वारदात में शामिल होने का शक है।
सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और शोरूम कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।
शोरूम मालिक राजेश बजाज ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ सेक्टर-7 में प्राइम स्पोर्ट्स और मेट्रो स्पोर्ट्स नाम से दो स्पोर्ट्स शोरूम चलाते हैं। वीरवार सुबह करीब 10 बजे जब वह कर्मचारियों के साथ शोरूम पहुंचे तो मेट्रो स्पोर्ट्स के ताले टूटे मिले।
अंदर जाकर देखा तो गल्लों में रखी करीब 35 लाख रुपये की नकदी और दो आईफोन गायब थे। हालांकि शोरूम में रखे अन्य महंगे स्पोर्ट्स सामान को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर दी गई।
सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शोरूम और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि रात करीब 2 बजे तीन लोग मेटल कटर लेकर शोरूम में दाखिल हुए थे।
करीब 20 मिनट तक अंदर रहने के बाद चोर नकदी से भरा बैग लेकर बाहर निकलते दिखाई दिए। फुटेज में एक चोर हेलमेट पहनकर चेहरा छिपाए हुए था, जबकि बाकी के चेहरे भी स्पष्ट नहीं दिखे।
शिकायतकर्ता राजेश बजाज ने पुलिस को बताया कि पिछले सात दिनों की बिक्री की रकम शोरूम में ही रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि बेटे की शादी की तैयारियों में व्यस्त होने के कारण वह नकदी बैंक में जमा नहीं करवा सके थे। पुलिस की शुरुआती जांच में अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी नकदी शोरूम में होने की जानकारी किसी करीबी या कर्मचारी को ही हो सकती है। इसी शक के आधार पर पुलिस ने शोरूम में काम करने वाले छह कर्मचारियों से पूछताछ की है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
