रील’ के चक्कर में ‘रियल’ जिंदगी न लगाए दांव पर, CM योगी का युवाओं को बड़ा मैसेज

0

सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ युवाओं में बढ़ती जा रही है। जिसके लिए कई बार लोग खतरनाक स्टंट और रील्स ट्रेंड के चक्कर में जान तक जोखिम में डाल रहा है, जो अब चिंता का विषय बन गया है। इसी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के माध्यम से युवाओं को अहम संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के पीछे भागते हुए युवा अपनी जिंदगी को खतरे में न डाले। उन्होंने परिजनों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी है।

सीएम ने अपने संदेश में युवाओं को संबोधित करते हुए लिखा, “मेरे प्यारे बच्चों, आज कई युवा सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए घरों में और सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। तेज रफ्तार बाइक और कार पर करतब दिखाना, रेलवे ट्रैक या ट्रेन के दरवाजों पर लटककर वीडियो बनाना, ऊंची इमारतों, पहाड़ों, नदियों, पुलों और पानी की टंकियों पर चढ़कर जोखिम भरी सेल्फी लेना एक खतरनाक प्रवृत्ति बन गई है।” उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें करना न केवल उनके लिए जानलेवा हैं, बल्कि यह परिवार के सपनों को भी पल भर में तोड़ सकती हैं। आए दिन हो रही ऐसी घटनाएं इस बात की गवाह हैं।

सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि “लाइक और व्यूज के लिए अपना जीवन दांव पर न लगाएं। ‘रील’ और ‘रियल’ के बीच के अंतर को समझना बेहद जरूरी है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक और रचनात्मक कामों के लिए करें। इसके साथ ही सीएम ने अभिभावकों को भी उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि बच्चों के समय और गतिविधियों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल उन्हें सिखाना और रचनात्मक दिशा में प्रेरित करने में परिवार की अहम भूमिका है।

सीएम योगी का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब सोशल मीडिया पर खतरनाक वीडियो बनाने के चलते कई हादसे सामने आ चुके हैं। हाल ही में सिद्धार्थनगर से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां रील बनाने के लिए 5 बच्चे पानी की टंकी पर चढ़ गए। तभी टंकी की सीढ़ी टूटने से तीन बच्चे गिर गए। जिनमें से एक की मौत हो गई और दो बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस दौरान दो अन्य बच्चे सीढ़ी टूटने के बाद टंकी पर ही फंस गए। करीब 16 घंटे तक फंसे रहने के बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने उन्हें रेस्क्यू किया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *