निवेशकों से धोखाधड़ी का मामला: ईडी ने जम्मू और पंजाब में छापेमारी की
जम्मू, 27 नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक पूर्व अधिकारी के खिलाफ धनशोधन की जांच के तहत शुक्रवार को जम्मू कश्मीर और पंजाब में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने अर्द्धसैनिक बल के जवानों सहित कई निवेशकों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की थी।
उन्होंने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई इस कार्रवाई में जम्मू, कठुआ, उधमपुर और पठानकोट में कुल आठ स्थानों पर छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि यह जांच एसएसबी के पूर्व कर्मी गुरमीत सिंह और उसके सहयोगियों द्वारा चलाई जा रही एक फर्जी मनी मल्टीप्लायर/निवेश योजना से संबंधित है।
ईडी का मामला जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार की विभिन्न पुलिस एजेंसियों द्वारा दर्ज कई प्राथमिकी पर आधारित है। इन प्राथमिकी में आम लोगों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। इनमें एसएसबी के सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मी भी शामिल हैं, जिन्हें अधिक और निश्चित मासिक मुनाफे का झूठा भरोसा देकर निवेश के लिए राजी किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के माध्यम से निवेशकों से करोड़ों रुपये की बड़ी रकम जुटाई गई थी।
