ताजमहल परिसर में बंदरों का आतंक, पर्यटकों में मची दहशत

0

उत्तर प्रदेश के आगरा से हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ताजमहल में बंदरों का आतंक देखने को मिला है जिससे पर्यटकों को काफी दहशत का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें सैकड़ों बंदरों का झुंड ताजमहल परिसर में घूम रहा है जिस कारण वहां मौजूद घरेलू और विदेशी पर्यटक दहशत में आ गए हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस घटना का वीडियो शेयर किया है और सरकार की आलोचना की है।

आगरा के ताजमहल परिसर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ताजमहल परिसर में अचानक सैकड़ों बंदरों का झुंड पहुंच गया जिससे वहां मौजूद देसी और विदेशी पर्यटकों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में बंदरों को देखकर कई सैलानी रुक गए। तो कुछ ने डर के कारण अपना रास्ता बदल लिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बंदर लगातार आवाजें निकालते हुए पर्यटकों के आसपास मंडराते रहे और उन्हें डराने की कोशिश करते दिखे।

आगरा के ताजमहल परिसर में बंदरों के बढ़ते आतंक पर अब सिसायत भी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा- “बीजेपी राज में दुनिया के सात अजूबे की दुर्गति देखकर लग रहा है कि अगर ताजमहल का पर्यटन प्रभावित हुआ तो 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी का सपना कहीं 1 बिलियन तक न गिर जाए, किसी गलत के हाथ में उस्तरा देने से यही होता है।”

आपको बता दें कि ताजमहल उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित है और इसे दुनिया के 7 अजूबों में से एक का दर्जा दिया गया है। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) के विश्व धरोहर स्थलों में शामिल ताज महल भारत में घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए सबसे लोकप्रिय स्थानों में शामिल है। माना जाता है कि ताज महल का निर्माण मुगल सम्राट शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज़ महल की याद में करवाया था। ताजमहल का निर्माण साल 1632 में शुरू हुआ था और पूरा परिसर साल 1653 तक बनकर तैयार हुआ। इसे बनाने में करीब 22 वर्ष लगे थे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *