सीएम सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में भाजपा का परचम, जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्विरोध

0

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।

भोरंज के धमरोल वार्ड से निर्वाचित अनीता देवी को जिला परिषद अध्यक्ष और बड़सर के करेर वार्ड से निर्वाचित गुरुदीप सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। दोनों का निर्विरोध निर्वाचन जिला परिषद में भाजपा के मजबूत समर्थन को दर्शाता है।

जिला परिषद के 19 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 18 सीटों पर जीत हासिल की। इनमें 15 भाजपा समर्थित प्रत्याशी और तीन भाजपा की विचारधारा से जुड़े निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि कांग्रेस को केवल अमलेड़ वार्ड की एक सीट पर जीत मिली।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पहले पार्टी स्तर पर कई दौर की बैठकों के बाद सर्वसम्मति से उम्मीदवारों के नाम तय किए गए थे। निर्वाचित अध्यक्ष अनीता देवी और उपाध्यक्ष गुरुदीप सिंह ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए काम करेंगे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *