हिमाचल के कुल्लू में शादी से लौट रहे 5 दोस्तों की कार खाई में गिरी, 4 की मौके पर मौत
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-305 पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक दोस्त घायल बताया जा रहा है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा आज सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच हुआ। कार में सवार पांचों दोस्त शिमला जिले के कुमारसैन के बड़ागांव में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर और निमला के बीच वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी दोस्त जाबौं और कराणा गांव से संबंधित बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद आनी के विधायक , स्थानीय ग्रामीण और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
