हिमाचल के सोलन के चौक बाजार में खूनी झड़प, चाकूबाजी में युवक की मौत
हिमाचल के सोलन के चौक बाजार के पास शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में चाकूबाजी के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मृतक युवक की पहचान अमन निवासी कालका के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर कई युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान चाकूबाजी में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना में एक युवक की उंगली कट गई, जबकि एक अन्य युवक के सिर पर चाकू से हमला किया गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ घटना में शामिल युवकों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस ने मामले में मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा और एएसपी रमेश शर्मा भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की। अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम और अब तक हुई जांच के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
गौरतलब है कि सोलन शहर में 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी खूनी वारदात सामने आई है। इससे पहले मालरोड पर शराब ठेके के सेल्समैन पर दो युवकों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। उस मामले में भी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
लगातार सामने आई इन घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी सोलन ने आश्वासन दिया है कि हाल की घटनाओं और पुलिस व्यवस्था के तरीके की समीक्षा की जाएगी तथा कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। चौक बाजार में हुई खूनी झड़प के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ घटना के अन्य पहलुओं और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
