एम्स बिलासपुर में जुड़ेंगे 960 नए बेड, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
हिमाचल प्रदेश के एम्स बिलासपुर में दूसरे चरण के विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। इस चरण के तहत अस्पताल में 960 नए बेड जोड़ने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद नए इंडोर ब्लॉक और अन्य जरूरी भवनों का निर्माण शुरू किया जाएगा।
एम्स बिलासपुर का विकास तीन चरणों में किया जाना है। फिलहाल अस्पताल 750 बेड के साथ सेवाएं दे रहा है। दूसरे चरण में बेड क्षमता और इंडोर सुविधाओं का विस्तार होगा, जबकि तीसरे चरण के पूरा होने पर अस्पताल की कुल क्षमता बढ़कर 2,250 बेड हो जाएगी।
अस्पताल में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ और दिल्ली के अस्पतालों के कम चक्कर लगाने पड़ेंगे।
इसके साथ ही अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है। गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में नियमित फैकल्टी की भर्ती दोबारा शुरू की गई है, जबकि कार्डियोलॉजी और यूरोलॉजी विभागों में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। विस्तार के बाद नए विभाग, अतिरिक्त वार्ड और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
