Gen Z को ‘गटर’ कहने पर एक्ट्रेस और BJP सांसद कंगना रनौत ने दी सफाई, बोलीं- ‘खुद को कॉकरोच कहने वालों की बात की थी’
एक्ट्रेस और BJP सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने ‘Generation Gutter’ वाले बयान को लेकर चर्चा में हैं। युवाओं और Gen Z को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद अब कंगना ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका बयान पूरे युवा वर्ग के लिए नहीं था, बल्कि कुछ खास लोगों के लिए था, जो खुद को ‘कॉकरोच’ कहते हैं।
कंगना ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से समझा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने सभी युवाओं को ‘गटर’ का हिस्सा नहीं बताया था। कंगना के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ उन लोगों की बात की थी, जो खुद को ‘कॉकरोच’ कहते हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर कोई खुद को कॉकरोच कहता है, तो उसे यह कहे जाने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए कि कॉकरोच गटर में रहते हैं।
कंगना ने अपनी बात समझाते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें कॉकरोच कहे और गटर में रहने की बात करे, तो वह इसका विरोध करेंगी, क्योंकि वह खुद को कॉकरोच नहीं मानती। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उनके लिए गटर वाली बात कही गई थी। उनका दावा है कि उनका इशारा पूरे Gen Z या सभी युवाओं की ओर नहीं था।
कंगना ने कहा कि आज के समय में युवाओं के एक वर्ग में ड्रग्स, सट्टेबाजी, जुआ और डार्क वेब जैसी गतिविधियों को लेकर चर्चा होती है। किसी खास वर्ग की आलोचना करने का मतलब यह नहीं है कि पूरे युवा वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब उन्होंने कुछ लोगों या कुछ महिलाओं की बात की थी, तो इसे सभी युवाओं पर लागू क्यों किया जा रहा है।
कंगना का यह बयान जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के बाद सामने आया था। NEET-UG पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों के कुछ वीडियो पर कंगना ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर इन वीडियो को लेकर नाराजगी जाहिर की थी और प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों की भाषा पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘Generation Gutter’ कहा था।
