पिंजौर में दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या, गाड़ी से खींचकर उतारा मौत के घाट; 4 आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला। पिंजौर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी की हत्या कर दी गई। वारदात मुख्य बाजार में उस समय हुई जब व्यापारी अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठा हुआ था। 5 से 6 हमलावर आए और उसे जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी 42 वर्षीय जितेश मनोजा की मौके पर ही मौत हो गई। जितेश मुख्य बाजार में ‘मनोचा क्लॉथ हाउस’ नाम से कपड़ों की दुकान चलाते थे। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। कुछ घंटों बाद पुलिस ने पिंजौर निवासी खुशदीप, मनप्रीत सिंह, मनीष चौधरी और कालका निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। इन चारों को शनिवार को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।
