हरियाणा में बढ़ेगी गर्मी की मार, 7 जिलों में लू का अलर्ट; 11 जून से मौसम बदलेगा

0

हरियाणा में पिछले तीन दिनों तक चली आंधी और बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम फिर करवट लेने जा रहा है. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जून तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क और गर्म रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. दक्षिण-पश्चिमी शुष्क हवाओं के प्रभाव से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.

तापमान में बढ़ोतरी के संकेत: रविवार को प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा हिसार में 42.4 डिग्री, नूंह और सिरसा में 41.4 डिग्री तथा अंबाला में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

11 जून से मौसम बदलेगा: हालांकि 8 से 10 जून तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, लेकिन 11 जून से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 जून के बीच कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिल सकती है.

सावधान रहने की सलाह: बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है. बिजली गिरने और धूलभरी हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों और आम नागरिकों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *