रिलीज के दो दिन बाद OTT से हटाई गई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’, जिसे पहले ‘पंजाब 95’ के नाम से जाना जाता था, लंबे इंतजार के बाद ओटीटी पर रिलीज हुई थी। हालांकि रिलीज के महज दो दिन बाद ही फिल्म को भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। फिलहाल यह फिल्म अगले आदेश तक भारत में उपलब्ध नहीं रहेगी।
फिल्म को रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी पाने में लंबा समय लगा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रमाणन से पहले फिल्म में 120 से अधिक बदलाव सुझाए गए थे। इसी विवाद के चलते फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो सकी और इसे सीधे ओटीटी पर रिलीज किया गया।
ओटीटी प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वह फिल्म और इसके निर्माताओं की रचनात्मक सोच के साथ खड़ा है। साथ ही यह भी बताया कि भारत में फिल्म को दोबारा उपलब्ध कराने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।
यह फिल्म वर्षों से प्रमाणन विवाद में रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का शीर्षक बदलने, पंजाब से जुड़े संदर्भ हटाने और मुख्य किरदार की वास्तविक पहचान से जुड़े कई बदलाव सुझाए गए थे। निर्माताओं का कहना था कि फिल्म वास्तविक घटनाओं पर आधारित है, जिसके चलते मामला लंबे समय तक अटका रहा। इसी विवाद के कारण फिल्म का टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रस्तावित प्रीमियर भी रद्द कर दिया गया था।
फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल भी नजर आए हैं। फिल्म हटाए जाने के बाद दिलजीत ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए शहीद जसवंत सिंह खालड़ा को याद किया और कहा कि ‘सतलुज’ के साथ भी वही हुआ जो उनके साथ हुआ था।
