CM भगवंत मान ने संगरूर में किया आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत

0

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संगरूर जिले के धुरी में एक आधुनिक उपमंडलीय अस्पताल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक को जनता को समर्पित किया। इस कदम को इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़े सुधार के तौर पर देखा जा रहा है। यह अस्पताल कुल 80 बेड का है, जिसमें 50 बेड वाला उपमंडलीय अस्पताल और 30 बेड वाला मातृ-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक शामिल है। करीब 21.65 करोड़ रुपये की लागत से बना यह परिसर लगभग 73,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। यह अस्पताल धुरी शहर के 58,000 से ज्यादा शहरी निवासियों के साथ-साथ आसपास के लगभग 70 गांवों के लोगों को फायदा पहुंचाएगा।

अस्पताल में सेकेंडरी लेवल की पूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 13 ओपीडी रूम, इमरजेंसी ब्लॉक, 7 ऑपरेशन थिएटर (बड़े और छोटे ऑपरेशन के लिए), 2 रजिस्ट्रेशन काउंटर और एडवांस जांच सुविधाएं जैसे ईसीजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और 3 आधुनिक लैब शामिल हैं। यहां मरीजों को मुफ्त जांच, सर्जरी और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से सलाह मिलेगी। इस अस्पताल में ईएनटी, घुटने की रिप्लेसमेंट जैसी स्पेशलाइज्ड सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। मातृ-शिशु ब्लॉक में महिलाओं और नवजात बच्चों की देखभाल पर खास ध्यान दिया गया है। यहां एक्सपर्ट गायनेकोलॉजिस्ट की देखरेख में सी-सेक्शन और नॉर्मल डिलीवरी दोनों हो सकेंगी। अस्पताल में इमरजेंसी केयर और एडवांस प्रोसीजर भी उपलब्ध होंगे।

इस  आधुनिक उपमंडलीय अस्पताल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस विजन को दिखाता है जिसमें उन्होंने यह सुनिश्चित करने की बात कही है कि कोई भी नागरिक इलाज से वंचित नहीं रहेगा। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और डॉक्टरों की उपलब्धता से पंजाब में समय पर और बेहतर इलाज सुनिश्चित हो रहा है। पंजाब सरकार ने लक्ष्य तय किया है कि दूर-दराज के इलाकों तक भी स्पेशलाइज्ड केयर पहुंचे और पंजाब देश के लिए मिसाल बने।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *