20वीं अश्वनी गुप्ता मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, युवा खिलाड़ियों से लेकर 75 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने दिखाएंगे अपनी प्रतिभा।

0

20वीं अश्वनी गुप्ता मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, युवा खिलाड़ियों से लेकर 75 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने दिखाएंगे अपनी प्रतिभा।

 

पंचकूला, 31 जुलाई। पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल परिसर, सेक्टर-3 स्थित बैडमिंटन हॉल में आज 20वीं अश्वनी गुप्ता मेमोरियल पंचकूला जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हरियाणा के माननीय लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

 

यह चैंपियनशिप अश्वनी गुप्ता मेमोरियल एजुकेशनल, स्पोर्ट्स एवं चैरिटेबल ट्रस्ट (पंजीकृत) द्वारा जिला बैडमिंटन संघ, पंचकूला के सहयोग से आयोजित की जा रही है। ट्रस्ट पिछले 20 वर्षों से निरंतर प्रत्येक वर्ष इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर रहा है, जिसका उद्देश्य जिले में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देना तथा नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री रणबीर सिंह गंगवा ने ट्रस्ट द्वारा खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे सतत एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उन्हें अनुशासन, फिटनेस एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।

 

चैंपियनशिप में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचकूला के महापौर श्री श्याम लाल बंसल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी श्री भोपाल सिंह खदरी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ट्रस्ट द्वारा खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

 

इस प्रतियोगिता की विशेषता यह है कि इसमें अंडर-11 आयु वर्ग के नन्हे खिलाड़ियों से लेकर 75 वर्ष तक के वरिष्ठ बैडमिंटन प्रेमी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता जहां एक ओर युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी खेल के प्रति अपने जुनून को बनाए रखने का अवसर देती है।

 

प्रतियोगिता के प्रथम दिन खेले गए प्रारंभिक मुकाबलों में कई मैच अत्यंत रोमांचक रहे। अंडर-15 बालक एकल वर्ग में अर्नव जोशी ने सर्वजीत सौदी को तीन खेलों के मुकाबले में 10-15, 15-13, 15-7 से पराजित किया। इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में प्रणव अहलावत ने रोहन सिंह को 15-11, 15-6 से हराया। अंडर-13 बालिका एकल वर्ग में राइज़ेल गर्ग ने तुषानी सबरवाल को 15-3, 15-7 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

 

ट्रस्ट के महासचिव श्री पार्थ गुप्ता ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय श्री अश्वनी गुप्ता के निधन के पश्चात पूरा परिवार शोकाकुल हो गया था। ऐसे कठिन समय में उनके दादा एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने इस ट्रस्ट की स्थापना की और पिछले 20 वर्षों से स्वर्गीय अश्वनी गुप्ता की स्मृति को समाज सेवा एवं खेल प्रोत्साहन के माध्यम से जीवंत बनाए रखा है। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों एवं सम्मानित व्यक्तियों का विशेष आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर आदरणीय अमृता दीदी, शिवालिक बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश देवीनगर, ट्रस्ट की प्रधान श्रीमती रुचि गुप्ता, जिला बैडमिंटन संघ के श्री महेश कुमार गर्ग, श्री डी.पी. सोनी, श्री पी.डी. वर्मा, श्रीमती रंजिता मेहता, श्री डी.पी. सिंघल, पार्षद श्री हरेंद्र मलिक, श्रीमती रंजिता मेहता सहित, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। प्रतियोगिता आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों के रोमांचक मुकाबलों के साथ जारी रहेगी

 

जारी कर्ता

कार्यालय

ज्ञानचंद गुप्ता पूर्व अध्यक्ष, हरियाणा विधानसभा

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *