हरिद्वार में बड़ा हादसा, गंगनहर में नहाने गए चंडीगढ़ के 4 युवकों की मौत
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चंडीगढ़ के चार कांवड़ यात्री डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम जटवाड़ा पुल के पास कुछ कांवड़ यात्री गंगनहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ के चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों ने गंगनहर में काफी देर तक तलाश की, जिसके बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया।
