चंडीगढ़ में अर्धनग्न चोर ने ऑटो चुराया: साथियों साथ पहुंचा, 4 घंटे बाद स्कूल के पास छोड़ा; वारदात CCTV में कैद
चंडीगढ़ में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी में एक अर्धनग्न चोर अपने साथियों के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक ऑटो चोरी कर ले गया। हालांकि, करीब चार घंटे बाद चोर ऑटो को कुछ दूरी पर स्थित एक स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित कमल वर्मा ने बताया कि चोरी हुआ इलेक्ट्रिक ऑटो उनका है। रोजाना की तरह दिनभर काम करने के बाद उन्होंने बुधवार शाम को ऑटो अपने घर के बाहर खड़ा किया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। देर रात करीब 1 बजे उनके चाचा संजीव वर्मा बालकनी में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के बाहर खड़ा ऑटो गायब था।
ऑटो चोरी होने के बाद परिवार ने पूरी रात तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह करीब 5 बजे उनके चाचा संजीव वर्मा किसी काम से घर से बाहर निकले। जब वह इंदिरा कॉलोनी से कुछ दूरी पर स्थित एक स्कूल के पास पहुंचे तो वहां उन्हें उनका ऑटो लावारिस हालत में खड़ा मिला।
