हरियाणा में 78 शिक्षकों को मिला अवॉर्ड, पंचकूला में सीएम नायब सैनी ने दिए मेडल और प्रमाण पत्र
हरियाणा में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुरुजनों को राज्य सरकार ने बड़े सम्मान से नवाजा है। पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी (PWD) विश्राम गृह में शनिवार को आयोजित ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह’ के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 78 उत्कृष्ट अध्यापकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार (State Teacher Award) से अलंकृत किया।
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार यह पुरस्कार शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के उपलक्ष्य में दिए गए हैं। चयनित सभी 78 शिक्षकों को पुरस्कार स्वरूप 1 लाख रुपये की नकद राशि, चांदी का पदक (Silver Medal) और प्रशस्ति पत्र, 2 अग्रिम वेतन वृद्धि (Advance Increments) के अलावा इन अध्यापकों को भविष्य में सेवा विस्तार के दौरान भी विशेष प्राथमिकताएं दी जाएंगी।
इस प्रतिष्ठित राज्य पुरस्कार की सूची में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का गृह जिला पानीपत सबसे आगे रहा, जहां से सर्वाधिक 13 शिक्षकों को चयन हुआ है। सरकार ने साल 2024 के लिए कुल 40 और साल 2025 के लिए 38 शिक्षकों के नामों की घोषणा की थी। पानीपत से वर्ष 2024 के लिए 6 और वर्ष 2025 के लिए 7 शिक्षकों को इस गौरवशाली सम्मान से सम्मानित किया गया है।
- वर्ष 2024 का सत्र : हिसार, झज्जर, महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद जिलों से सबसे कम—केवल 1-1 शिक्षक ही इस सम्मान के लिए चुने गए।
- वर्ष 2025 का सत्र : पानीपत के बाद भिवानी जिले के सबसे ज्यादा 5 शिक्षकों को यह अवॉर्ड मिला।
- अन्य जिलों का प्रदर्शन : सिरसा, फतेहाबाद, नूंह, फरीदाबाद, रोहतक, करनाल, यमुनानगर और चरखी दादरी—इन 8 जिलों से वर्ष 2025 के लिए मात्र 1-1 शिक्षक का ही चयन हो सका।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी पुरस्कृत अध्यापकों की सराहना करते हुए कहा कि एक सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है।
