हरियाणा में मौसम का यू-टर्न: 3 जिलों में आज भारी बारिश, 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. वहीं पानीपत और सोनीपत के आसपास बादल छाए रहे और इन इलाकों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है. सुबह से चली ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा.
6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी: मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, रेवाड़ी, पलवल और नूंह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट: पिछले दो दिनों से मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया. प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इससे लोगों को तेज गर्मी से काफी राहत मिली है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रह सकता है.
रोहतक सबसे गर्म शहर रहा: हालांकि मौसम में राहत के बावजूद रोहतक सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद महेंद्रगढ़ में 38.1 डिग्री और हिसार में 37.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं भिवानी में तापमान में सबसे ज्यादा 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली.
न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी: प्रदेश के न्यूनतम तापमान में रविवार के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हुई है. रोहतक और गुरुग्राम सबसे ठंडे इलाके रहे, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सिरसा में 6.5 एमएम हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई. रात के समय नमी बढ़ने से लोगों को गर्म हवाओं से राहत महसूस हुई.
