पंचकूला में तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, दो आरोपियों ने हिमाचल प्रदेश से किया है इंजीनियरिंग डिप्लोमा

0

पंचकूला पुलिस नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई में जुटी है. डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला और क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने दो विभिन्न मामलों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है.

अफीम और हेरोइन का नशा बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 682 ग्राम अफीम और 12.32 ग्राम हेरोइन का नशा बरामद किया है. पहले मामले में आरोपी को अदालत में पेश कर उसका पांच दिन का रिमांड हासिल किया गया है, जबकि दूसरे मामले में एक आरोपी का एक दिन का रिमांड लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

उत्तर प्रदेश का निवासी गिरफ्तार, अफीम बरामद: एंटी नारकोटिक्स सेल ने इन्चार्ज सौरव रावत की अगुवाई में गुप्त सूचना पर अफीम तस्करी के मामले में 30 वर्षीय आरोपी रणवीर को गिरफ्तार किया. रणवीर जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश का निवासी है. हाल में वो किराए पर पंचकूला में रह रहा था. आरोपी उत्तर प्रदेश से अफीम लाकर कालका, पिंजौर व मढ़ावाला क्षेत्र में सप्लाई करता था. तलाशी के दौरान उससे 682 ग्राम अफीम बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कालका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी को अदालत में पेश कर उसका पांच दिन का रिमांड हासिल किया गया है, ताकि उससे नशा सप्लाई बारे गहनता से पूछताछ की जा सके.

दूसरा मामला: क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने इन्चार्ज इंस्पेक्टर अजीत सिंह की अगुवाई में गुप्त सूचना पर हेरोइन की सप्लाई करने के आरोप में बाइक सवार दो युवकों 32 वर्षीय मनीष निवासी कालका और 29 वर्षीय करण को सूरजपुर चंडीमंदिर लाइटों के पास नाकाबंदी कर गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 12.32 ग्राम हेरोइन का नशा बरामद किया गया है. आरोपियों के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. तलाशी लेने पर आरोपी मनीष की जेब से 12.32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई.

पुलिस पूछताछ में पता लगा कि दोनों आरोपियों ने हिमाचल प्रदेश से इंजीनियरिंग डिप्लोमा किया हुआ है. लेकिन दोनों मिलकर हेरोइन खरीदते थे और उससे होने वाला मुनाफा आपस में बांटते थे. पुलिस मामले में सप्लाई के स्रोत और मामले में संलिप्त अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है. आरोपी मनीष को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि आरोपी करण को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

पंचकूला पुलिस की अपील: पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि “नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है. इंजीनियरिंग डिप्लोमा करने वाले युवाओं का इस अवैध गतिविधि में शामिल होने से स्पष्ट है कि नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है. पंचकूला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान भी जारी रखेगी. अभिभावकों और आमजन से अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पंचकूला पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 7087081100 व 7087081048 पर दें.”

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *