हरियाणा से सोमनाथ के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, स्वाभिमान पर्व में बोले सीएम नायब सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के साथ इस कार्यक्रम से जुड़े. मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होना पूरे देश के लिए गर्व और स्वाभिमान का क्षण है. उन्होंने इसे भारत की सांस्कृतिक चेतना और आस्था का प्रतीक बताया.
‘सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की आत्मा से जुड़ा’: कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “सोमनाथ मंदिर का इतिहास केवल एक मंदिर का इतिहास नहीं, बल्कि भारत की धैर्य, आस्था और आत्मसम्मान की गाथा है. जब-जब सोमनाथ मंदिर पर हमला हुआ, तब-तब पूरे देश की आत्मा आहत हुई, लेकिन हर बार देश ने यह साबित किया कि आस्था को तलवारों से खत्म नहीं किया जा सकता.”
11 जनवरी 2027 तक चलेगा ये पर्व: मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व 11 जनवरी 2026 से शुरू हुआ है और 11 जनवरी 2027 तक चलेगा. इस दौरान देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके जरिए लोगों को भारत के सांस्कृतिक इतिहास और विरासत से जोड़ने का काम किया जाएगा.
प्रधानमंत्री मोदी इतिहास से करवाएंगे अवगत: मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर से जुड़े इतिहास और गौरवगाथा से देशवासियों को अवगत करवा रहे हैं. ऐसे ऐतिहासिक पर्व का हिस्सा बनना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है.” सीएम ने प्रदेशवासियों को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की बधाई देते हुए कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालुओं की यात्राएं लगातार सोमनाथ मंदिर पहुंच रही हैं. हरियाणा से भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेन 8 जून को सोमनाथ के लिए रवाना होगी.
