दर्दनाक सड़क हादसा, 52 सीटर बस पलटी, मची चीख-पुकार, तीन की मौत, चालक फरार
फतेहाबाद से टोहाना जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और खेत में पलट गई. हादसे में दो महिलाओं और एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए. घायलों का उपचार नागरिक अस्पताल टोहाना में चल रहा है.
बचाव कार्य जारी: इधर, हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया. बस में फंसे यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
मृतकों की हुई पहचान: पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सिटी थाना टोहाना में तैनात होमगार्ड जवान बलविंदर सिंह निवासी गांव डुल्ट, 31 वर्षीय भौती देवी तथा 70 वर्षीय मोनी देवी के रूप में हुई है. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई.
घायल यात्रियों की मानें तो 52 सीटर बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. बस सड़क से उतरते ही खेत में पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
वहीं, गांव चंदड़ निवासी यात्री राममेहर ने कहा कि, “चालक शुरुआत से ही बस को तेज रफ्तार में चला रहा था. कई यात्रियों ने उसे सावधानी बरतने के लिए कहा था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी.”
चालक हादसे के बाद फरार: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव भोडी के पास कट पर बस चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बस खेत में पलट गई. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया.” फिलहाल पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है. साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
