हरियाणा में मौसम का डबल अटैक: आज 15 जिलों में बारिश-आंधी अलर्ट, 5 दिन में 6 डिग्री चढ़ेगा पारा
हरियाणा में सोमवार को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार यह गतिविधियां कई इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत दे सकती हैं, हालांकि मौसम में यह बदलाव ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहने वाला है.
प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश और आंधी के बाद तापमान में कमी दर्ज की गई थी, लेकिन अब एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. रविवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा भिवानी में 39.5 डिग्री, नारनौल में 39 डिग्री, हिसार में 38.6 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 37.2 डिग्री और गुरुग्राम में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है.
मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
विभाग के अनुसार 15 से 18 जून तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. वहीं 19 और 20 जून को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. फिलहाल प्रदेश में हीटवेव जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन तापमान बढ़ने के साथ दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
