चंडीगढ़ में वॉशिंग मशीन उठा ले गया चोर:स्टोर के बाहर रखी थी, दो बार लगाया चक्कर; CCTV में कैद वारदात
चंडीगढ़ में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित एक स्टोर के बाहर से वॉशिंग मशीन चोरी हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सीसीटीवी में एक व्यक्ति स्टोर के बाहर आता दिखाई दे रहा है। वह कुछ देर आसपास की स्थिति का जायजा लेने के बाद स्टोर के बाहर रखी वॉशिंग मशीन उठाकर वहां से चला जाता है।
स्टोर संचालक संतोष शर्मा ने बताया कि उनका इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में स्टोर है। स्टोर के बाहर हायर कंपनी की करीब 40 हजार रुपए कीमत की वॉशिंग मशीन रखी थी। बुधवार शाम को स्टोर पहुंचने पर मशीन गायब मिली। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
संतोष शर्मा के मुताबिक, वॉशिंग मशीन काफी भारी थी, इसलिए अकेले व्यक्ति के लिए उसे उठाकर ले जाना आसान नहीं है। उन्हें आशंका है कि आरोपी के साथी भी आसपास मौजूद रहे होंगे और चोरी के बाद मशीन को किसी वाहन में रखकर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज में एक हरे रंग का ऑटो भी दिखाई दे रहा है। चोरी से पहले यह ऑटो दो बार स्टोर के आसपास से गुजरा था। आरोपी ने स्टोर के बाहर रखी वॉशिंग मशीन उठाई। इस वजह से स्टोर संचालक को आशंका है कि आरोपी ने पहले रेकी की और मौका देखकर मशीन चोरी कर ली। पुलिस सीसीटीवी में दिखाई दे रहे व्यक्ति और ऑटो की भी जांच कर सकती है।
दिनदहाड़े चोरी से दुकानदार चिंतित
इंडस्ट्रियल एरिया में दिनदहाड़े स्टोर के बाहर से भारी सामान चोरी होने की घटना से आसपास के दुकानदारों में चिंता है। दुकानदारों का कहना है कि यदि दिन के समय चोर भारी सामान उठाकर ले जा सकते हैं तो रात में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि चोरी के बाद आरोपी के जाने की दिशा और उसके साथियों के बारे में जानकारी मिल सके।
