3 करोड़ रुपये रिश्वत लेने का है मामला, CBI ने हरियाणा कैडर के IPS अधिकारी दीपक गहलावत को किया गिरफ्तार
सीबीआई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, यह गिरफ्तारी नकली दवा बनाने वाले रैकेट की जांच से जुड़े 3 करोड़ रुपये की कथित रिश्वतखोरी के मामले में की गई है। इस समय गहलावत नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) में रीजनल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। आरोप है कि उन्होंने पुडुचेरी के एक व्यापारी को सीबीआई जांच में राहत दिलाने और उसके पक्ष में नतीजा निकलवाने का भरोसा दिया था। इसके बदले में उन्होंने एजेंसी के अधिकारियों पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का दावा करते हुए मोटी रिश्वत की मांग की थी।
यह पूरा मामला बीते जून महीने में CBI द्वारा अंजाम दिए गए एक गुप्त ट्रैप ऑपरेशन से जुड़ा है। उस दौरान केंद्रीय एजेंसी ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और एक कथित बिचौलिये राजकुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस मामले में गहराई से जांच करते हुए सीबीआई ने पहले ही इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह, बिचौलिये राजकुमार और पुडुचेरी के व्यापारी एन. राजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आईफीएस अधिकारी दीपक गहलावत को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
