अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले हड़कंप, जालंधर स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

0

देश के गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले जालंधर शहर के कई नामचीन निजी स्कूलों को एक अज्ञात सोर्स से धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस मेल में अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे गृहमंत्री के कार्यक्रम में हिस्सा न लें और अपने बच्चों को वहां जाने से रोकें।

 

धमकी भरे इस संदेश के बाद से सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मेल में लिखा गया है कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा में सेंध लगाकर बच्चों की जान को खतरे में डालने की साजिश रची गई है, इसलिए अभिभावक समय रहते अपने बच्चों को बचा लें।

ईमेल भेजने वाले ने खौफनाक दावा करते हुए कहा है कि जहां गृहमंत्री का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होना है, वहां स्टेज पर बम लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही शहर के प्रसिद्ध और पवित्र देवी तालाब मंदिर परिसर को भी अत्याधुनिक डिवाइस या आईफोन की मदद से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस तरह की गंभीर चेतावनी मिलने के बाद से धार्मिक स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

यह धमकी भरा मेल कैंब्रिज गर्ल्स स्कूल (अर्बन एस्टेट), कैंब्रिज इनोवेटिव स्कूल और एमजीएम स्कूल समेत कई अन्य शैक्षणिक संस्थानों को प्राप्त हुआ है। मेल में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि इस आयोजन के दौरान किसी भी बच्चे को न भेजा जाए।

दौरे से ठीक पहले आए इस तरह के धमकी भरे संदेश को पुलिस और जांच एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं। साइबर टीम को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है ताकि ईमेल के आईपी एड्रेस और इसे भेजने वाले की पहचान की जा सके। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और मंदिर परिसर में बम निरोधक दस्तों की मदद से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *