पंचकूला-शिमला हाईवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी: पुलिस ने 2 का काटा 45 हजार का चालान

0

हरियाणा के पंचकूला-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जान जोखिम में डालकर दोपहिया वाहनों पर स्टंट करने का मामला सामने आया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें 7 से 8 युवा बाइक और स्कूटी पर बेहद खतरनाक अंदाज में स्टंट करते हुए नजर आ रहे थे। इस लापरवाही से न केवल उनकी अपनी जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य चालकों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया था।

जैसे ही यह वायरल वीडियो पंचकूला के पुलिस कमिश्नर (IPS) पंकज नैन के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना किसी देरी के ट्रैफिक पुलिस को आरोपियों को चिन्हित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।

वायरल वीडियो

आदेश मिलते ही ट्रैफिक विभाग की विशेष टीम एक्टिव हुई और वीडियो फुटेज के आधार पर स्टंटबाजों व उनके वाहनों की पहचान में जुट गई। जांच के दौरान पाया गया कि यह पूरी घटना चंडी मंदिर टोल प्लाजा के पास अंजाम दी गई थी।

डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक (IPS) अमरिंदर सिंह के मार्गदर्शन में सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्टंटबाजों को धर दबोचा। पुलिस जांच में एक बड़ा खुलासा यह भी हुआ कि स्टंट कर रहे चालकों में से एक आरोपी नाबालिग है।

पुलिस ने दोनों के वाहनों को तुरंत मौके पर ही जब्त (इंपाउंड) कर लिया। इसके साथ ही नियम तोड़ने पर स्कूटी का 20,000 रुपये और बाइक का 25,000 रुपये यानी कुल 45,000 रुपये का भारी चालान भी काटा गया।

कानूनी कार्रवाई और भारी-भरकम जुर्माना होते देख दोनों आरोपियों के होश उड़ गए। सूरजपुर स्थित ट्रैफिक थाने में दोनों ने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर अपनी भयंकर भूल स्वीकार की। उन्होंने कसम खाते हुए कहा कि हमसे बहुत बड़ी गलती हो गई है।

हमने चंडी मंदिर टोल के पास स्टंट करके अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डाला। हम इसके लिए माफी मांगते हैं और वादा करते हैं कि भविष्य में कभी ऐसी हरकत नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अन्य युवाओं से भी सड़कों पर स्टंट न करने की अपील की।

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस शहर की मुख्य सड़कों और हाईवे पर ऐसे हुड़दंगियों, स्टंटबाजों और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर सीसीटीवी तथा विशेष निगरानी टीम के जरिए लगातार नजर रख रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों पर लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *