वार्ड नंबर-3 के समग्र विकास का संकल्प, जनसुविधाओं को नई दिशा देने का लक्ष्य : सुरेश कुमार वर्मा
वार्ड नंबर-3 के समग्र विकास का संकल्प, जनसुविधाओं को नई दिशा देने का लक्ष्य : सुरेश कुमार वर्मा
पंचकूला।
नगर निगम पंचकूला के वार्ड नंबर-3 (सेक्टर 7 एवं 8) के लिए प्रस्तुत विकास संकल्प पत्र क्षेत्रवासियों के बीच सकारात्मक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वार्ड की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, पार्कों के सौंदर्यीकरण, पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का व्यापक खाका इसमें प्रस्तुत किया गया है।
संकल्प पत्र में सामुदायिक भवनों के विकास, आधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्रों की स्थापना, हरित क्षेत्रों के विस्तार, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने, अतिक्रमण मुक्त सार्वजनिक स्थानों के निर्माण तथा बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवाद और जनसुनवाई व्यवस्था को भी मजबूत बनाने की बात कही गई है।
इस अवसर पर कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश निरंतर विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इसी विकास सोच को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से वार्ड नंबर-3 के लिए ठोस योजनाओं के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया है।
सुरेश कुमार वर्मा ने कहा, “वार्ड नंबर-3 मेरे लिए केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा परिवार है। यहां की हर समस्या का समाधान, हर नागरिक की सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना मेरा संकल्प है। स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधासंपन्न वार्ड का निर्माण हमारी प्राथमिकता होगी। जनता के सुझावों, विश्वास और सहयोग के साथ वार्ड नंबर-3 को विकास और सुव्यवस्था की नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का उत्साह, स्नेह और सकारात्मक समर्थन यह दर्शाता है कि वार्ड नंबर-3 विकास, विश्वास और जनसेवा के नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है। जनभागीदारी के साथ विकास कार्यों को गति देकर वार्ड को एक आदर्श और आधुनिक क्षेत्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सतत प्रयास किए जाएंगे।
प्रमुख संकल्पों में सेक्टर-7 के सामुदायिक भवन को शीघ्र तैयार कर जनता को समर्पित करना, आधुनिक सुविधाओं से युक्त एमईएफ सेंटर का लोकार्पण, ईडीपीएम सिंचाई योजना के माध्यम से पार्कों की हरियाली को बढ़ावा देना, बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, युवाओं के लिए खेल एवं मनोरंजन संसाधनों का विस्तार तथा पार्क एवं हरित क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।
